सरस्वती पूजा को लेकर जामताड़ा पुलिस अलर्ट, पंडालों का निरीक्षण करने स्वयं पहुंचे जामताड़ा पुलिस कप्तान
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के द्वारा नारायणपुर एवं करमाटांड थाना क्षेत्र के विभिन्न सरस्वती पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पूजा समितियों एवं स्थानीय लोगों से संवाद कर पर्व को शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के नाम पर किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, हुड़दंग या संप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
सभी पूजा पंडालों में पुलिस मित्रों को पहचान के लिए टोपी का वितरण किया गया है, ताकि स्थानीय स्तर पर सहयोग एवं समन्वय बना रहे। साथ ही लगातार गश्त के लिए बाइकर्स दस्ता तैनात किया गया है। किसी भी विशेष या आपात परिस्थिति से निपटने के लिए 08 क्यूआरटी दल का गठन भी किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

