गौड सेवा संघ के 35वें संकल्प दिवस समारोह में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर स्थित आसंगी मैदान में शुक्रवार को गौड सेवा संघ का 35वां संकल्प दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपई सोरेन शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में मारकंडो महाकुड़, अयोध्या बेहरा, मायाधर बेहरा, गोविंद गौड एवं रंजीत प्रधान उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम के उपरांत पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने महिलाओं के बीच साड़ी वितरण किया तथा बुजुर्गों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि गौड सेवा संघ द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित यह संकल्प दिवस समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ सामाजिक एकता को मजबूत करता है।
उन्होंने समाज के लोगों से नशापान एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि गलत प्रवृत्तियां आने वाली पीढ़ियों के लिए नकारात्मक संदेश छोड़ती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने मकर संक्रांति के अवसर पर टुसू मेले के नाम पर जुआ और मुर्गा पाड़ा जैसे आयोजनों पर चिंता जताई और कहा कि ऐसी गतिविधियां समाज के लिए घातक हैं, जिन पर गंभीर चर्चा और रोक आवश्यक है।
चंपई सोरेन ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने उड़िया भाषा के संरक्षण और संवर्धन पर भी विचार किया था, क्योंकि इस क्षेत्र में उड़िया भाषी समाज की संख्या काफी अधिक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले दिनों में उड़िया समाज के विकास और भाषा संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर समाज के केंद्र अध्यक्ष नेबु प्रधान, कमल देव प्रधान, शिरीश बेहरा, केंद्र महासचिव हेम सानर प्रधान सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

