- *सीनी अंडरपास में जलजमाव से रास्ता बंद
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
लगातार बारिश के बाद चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनी जंक्शन स्थित मुख्य सड़क अंडरपास में पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। अंडरपास में जलजमाव के कारण पैदल राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों और छोटे-बड़े वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है। इससे आसपास के गांवों के लोगों को रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, तेज बारिश के दौरान अंडरपास में पानी जमा होना कोई नई समस्या नहीं है। पानी भर जाने के बाद ग्रामीणों का मुख्य सड़क से संपर्क बाधित हो जाता है। खासकर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में गंभीर परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर एंबुलेंस भी अंडरपास से आर-पार नहीं हो पाती। ऐसे में मरीजों को अस्पताल, सदर अस्पताल तथा प्रखंड व जिला मुख्यालय सरायकेला पहुंचाने के लिए वैकल्पिक रास्तों पर निर्भर रहना पड़ता है।
ग्रामीणों ने चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर स्थायी समाधान की दिशा में पहल करने की मांग की है। उनका कहना है कि अंडरपास में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था होने से बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली इस समस्या से लोगों को राहत मिल सकती है।

