बिरसानगर थाना में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने को लेकर बिरसानगर थाना परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी संतोष कुमार ने की, जबकि संचालन केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के संयोजक प्रमोद तिवारी ने किया।
बैठक में बिरसानगर क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों के अध्यक्ष एवं सचिव तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया गया। पूजा समितियों से सुरक्षा, व्यवस्था और प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप आयोजन करने की अपील की गई।
बैठक में विभिन्न पूजा पंडालों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। संबंधित समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक चर्चा की गई और यथासंभव समाधान की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। सभी सदस्यों ने दुर्गा पूजा को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने का निर्णय लिया।

