नशामुक्त समाज के लिए युवाओं को सकारात्मक दिशा देना जरूरी : कुलाधिपति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोना देवी विश्वविद्यालय में आयोजित नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में विश्वविद्यालय पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया।
सहायक कुलसचिव श्रीमती अर्चना सिंह ने कहा कि नशामुक्ति की शुरुआत स्वयं से होती है। कुलसचिव डॉ. नीत नयना ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और स्वस्थ जीवन भी जरूरी है तथा विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा शिक्षा, शोध, खेल और समाज सेवा में लगानी चाहिए।
कुलपति प्रो. डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुवा ने युवा शक्ति को राष्ट्र की महत्वपूर्ण ताकत बताते हुए नशे से दूर रहने और जीवन के लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की। कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने कहा कि नशामुक्त समाज केवल अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और सामाजिक संकल्प है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, कौशल, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रहरी सेल की श्रीमती पतत्रि माली ने आभार जताया। कार्यक्रम में संकाय अध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

