छठ पर्व को लेकर बिरसानगर थाना में शांति समिति की बैठक, शांति और सुरक्षा बनाए रखने का लिया संकल्प
थाना प्रभारी की अपील सहयोग करें नागरिक प्रशासन हर कदम आपके साथ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शुक्रवार को बिरसानगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी संतोष कुमार पांडे ने की, जबकि सर्किल इंस्पेक्टर सह गोलमुरी यातायात थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में छठ पूजा के दौरान यातायात नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन, घाटों की सफाई और प्रकाश व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सीआई शैलेंद्र कुमार ने यातायात से संबंधित समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार पांडे ने कहा कि पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना प्राथमिकता होगी।
उन्होंने बताया कि छठ घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
थाना प्रभारी ने सभी शांति समिति सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से प्रशासन को पूरा सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में लोग तुरंत पुलिस को सूचित करें। प्रशासन छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
बैठक में केंद्रीय शांति समिति के प्रमोद तिवारी, पत्रकार देवानंद सिंह,फादर टूली, सुलोचना लीना, मंडा नरेश कुमार, गुरप्रीत सिंह, हीरानंद माझी, राजेश रविदास, ललन सिंह और भगत जी संजीव सहित कई पुलिस पदाधिकारी, समाजसेवी, वार्ड पार्षद और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नगर के प्रमुख छठ घाटों की सफाई और मरम्मत कार्य को समय पर पूरा करने की मांग रखी।
बैठक का समापन सामूहिक सहयोग और शांति बनाए रखने की अपील के साथ किया गया।

