

रामलीला मैदान में उमड़ा विपक्ष का हुजूम, राहुल की हुंकार ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आर-पार की लड़ाई!
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में मोदी-शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त पर राहुल का तीखा हमला, बोले ज्ञानेश कुमार जाएंगे जेल, मोदी-शाह पर भी होगी कानूनी कार्रवाई
एजेंसी
नई दिल्ली, 1 नवंबर। राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं गठबंधन के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। चुनावी धांधली और कथित वोट चोरी के विरोध में आयोजित इस महारैली को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ने देश के संविधान और लोकतंत्र पर हमला किया है। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई होगी और उन्हें जेल जाना पड़ेगा। राहुल ने कहा कि इसके बाद विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के सामने खड़ा होगा तथा उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग करेगा।
राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और हरियाणा के विधानसभा चुनावों के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में भी धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के बाद 13.5 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। उन्होंने कहा कि वोट चोरी केवल चुनावी गड़बड़ी नहीं, बल्कि नागरिकों की आवाज और अभिव्यक्ति के अधिकार की चोरी है।
उन्होंने कहा कि देश नफरत का नहीं, मोहब्बत और भाईचारे का देश है। किसानों को उनकी मेहनत का फल और युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए। राहुल ने इस अभियान को लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई बताते हुए कहा कि विपक्ष जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
महारैली में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच एक टीवी चैनल द्वारा मैदान खाली होने की खबर चलाए जाने पर भी नाराजगी देखने को मिली। इस दौरान कुछ लोगों ने ‘गोदी मीडिया हाय-हाय’ के नारे लगाए। दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस के अनुसार व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच महारैली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
*बॉक्स*
टीवी पर मैदान खाली बताने पर लगे ‘गोदी मीडिया हाय-हाय’ के नारे
रामलीला मैदान में रैली के दौरान एक टीवी चैनल पर मैदान खाली होने की खबर प्रसारित किए जाने से नाराज कुछ लोगों ने विरोध जताया। मौके पर ‘गोदी मीडिया हाय-हाय’ के नारे सुनाई दिए। रैली में जुटी भीड़ को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज रही।


