

सेवानिवृत्त स्टेशन मास्टर के बंद घर में चोरी, नकदी समेत लाखों की संपत्ति गायब
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र की सागी पंचायत के नारायणपुर गांव स्थित वार्ड- 8 में अज्ञात चोरों ने एक सेवानिवृत्त स्टेशन मास्टर के बंद घर को निशाना बनाया. चोर घर का दरवाजा तोड़कर सात हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चुरा ले गये. चोरी की घटना के दौरान चोरों ने घर में रखे जमीन के दस्तावेज भी फाड़कर इधर-उधर फेंक दिये. मिली जानकारी के अनुसार नारायणपुर गांव निवासी स्वर्गीय महावीर झा के पुत्र एवं सेवानिवृत्त स्टेशन मास्टर नवल मोहन झा दुर्गा पूजा के बाद 22 अक्टूबर को घर बंद कर समस्तीपुर स्थित अपने डेरे पर चले गये थे. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके बंद घर को निशाना बनाया. चोर घर के पिछले दरवाजे से अंदर दाखिल हुए. बताया जाता है कि चोरों ने दरवाजे की किवाड़ को आड़ी पट्टी से काटकर प्रवेश किया और घर में रखे सामानों पर हाथ साफ कर दिया. रविवार की सुबह गृहस्वामी नवल मोहन झा अपने घर नारायणपुर पहुंचे और मैन गेट का ताला खोले तो देखें कि सभी कमरों का सामग्री बिखरा पड़ा हुआ है. पीड़ित गृहस्वामी के अनुसार चोर घर में रखी बैटरी, विद्युत मोटर, मिक्सर मशीन, हीटर, चार कीमती कंबल, बर्तन और सात हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चुरा ले गये. इसके अलावा जमीन से संबंधित दस्तावेजों को फाड़कर इधर-उधर फेंक दिया. इस घटना में पांच लाख से अधिक की संपत्ति गायब होने की बात बतायी जा रही है. घटना की जानकारी मिलने पर गृहस्वामी ने खोदावंदपुर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चंदन कुमार एवं अपर थानाध्यक्ष किशन कुमार पुलिस बल और चलंत फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस चोरी गये सामानों और संपत्ति के कुल मूल्य का आकलन करने में जुटी है. घटना में शामिल चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

