

विधान परिषद चुनाव की जीत सेमीफाइनल, आगामी चुनाव में बिहार से एनडीए का होगा सफाया: डॉ. तनवीर हसन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खोदावंदपुर/बेगूसराय। बिहार विधान परिषद चुनाव में राजद प्रत्याशियों की जीत आगामी लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल है. आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार से एनडीए का सफाया हो जायेगा और अगले विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की सरकार बनेगी. ये बातें राजद नेता एवं पूर्व विधान पार्षद डॉ. तनवीर हसन ने रविवार को खोदावंदपुर में आयोजित राजद कार्यकर्ता मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कहीं. डॉ. हसन ने कहा कि विधान परिषद चुनाव में दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राजद प्रत्याशी अनिल कुमार झा और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार ने जीत दर्ज की है. उन्होंने इस जीत को बिहार की राजनीति में बदलाव का संकेत बताते हुए कहा कि जनता अब एनडीए की नीतियों से परिचित हो चुकी है. उन्होंने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम की मतगणना को लेकर भी सवाल उठाए. डॉ. हसन ने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान साजिश के तहत एनडीए प्रत्याशी सर्वेश कुमार की जीत की घोषणा कर दी गयी थी. उन्होंने दावा किया कि कई जिम्मेदार लोगों ने इस घोषणा के बाद बधाई संदेश भी पोस्ट कर दिए थे, जिन्हें बाद में हटा लिया गया. समारोह को संबोधित करते हुए बखरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक उपेंद्र पासवान ने कहा कि बिहार में बदलाव की लहर चल रही है. जनता एनडीए की मंशा को समझ चुकी है और अब उसे दोबारा मौका देने के पक्ष में नहीं है. कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कुमारी सावित्री कुशवाहा, एमएलसी प्रतिनिधि अरविन्द कुमार, राजद नेता त्रिवेणी महतो, प्रखंड राजद संयोजक अरविंद कुमार यादव, प्रखंड अध्यक्ष जियाउर रहमान, मनोज यादव, मोहम्मद जहांगीर, योगेंद्र चौधरी, चंद्रदेव सहनी, माले नेता अवधेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे. कार्यक्रम का संचालन प्रो. ब्रजनंदन यादव ने किया.

