

उत्क्रमित मध्य विद्यालय मेघौल कन्या में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। उत्क्रमित मध्य विद्यालय मेघौल कन्या परिसर में शनिवार को ‘स्वच्छता हमारी संस्कृति’ विषय पर शिक्षक- अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. बिहार सरकार एवं शिक्षा विभाग के निर्देश पर आयोजित इस संगोष्ठी में स्वच्छता के महत्व पर चर्चा की गयी. साथ ही बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों को जागरूक किया गया. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अवनीश कुमार वर्मा ने बताया कि संगोष्ठी का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे से किया गया. इस दौरान प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग कार्यक्रम के तहत कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता विषय पर तैयार किए गए प्रदर्श अभिभावकों के समक्ष प्रस्तुत किए गये. बच्चों के इन प्रदर्शों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया. प्रभारी प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों से अपने घर के साथ-साथ विद्यालय और आसपास के सामाजिक परिवेश को भी स्वच्छ रखने की अपील की. उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास और बेहतर शैक्षणिक उपलब्धि के लिए विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में शिक्षकों के साथ अभिभावकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है. संगोष्ठी में शिक्षक चंद्रभूषण, अंकित मिश्रा, कुमारी नीतू, मिंटू कुमारी, पूनम कुमारी, विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव मुन्नी कुमारी तथा अभिभावक खुशबू कुमारी, सुमन देवी सहित विद्यालय के सभी कर्मी उपस्थित थे.

