भाजपा मुख्यालय में नितिन नबीन ने संभाला पदभार, अमित शाह और जेपी नड्डा ने किया स्वागत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय में औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ नए कार्यकारी अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने हैं। वे बिहार और पूर्वी भारत से इस पद तक पहुंचने वाले पहले नेता हैं। एबीवीपी से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले नबीन पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने गए हैं और वर्तमान में बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद नितिन नबीन ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने एक कार्यकर्ता पर भरोसा किया है और वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह नियुक्ति संगठन में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने और पूर्वी भारत पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।

