जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर समाधान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने सड़क निर्माण, जन्म प्रमाण पत्र में नाम सुधार, घरेलू विवाद, पैसे वापस नहीं करने, मार्ग प्रकाश व्यवस्था, शस्त्र अनुज्ञप्ति, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण, दुर्घटना सहायता, पेंशन, भूमि मापी, धुमकुड़िया भवन निर्माण, जर्जर बिजली पोल हटाने और जमीन विवाद सहित व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़े मामले रखे।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की जांच कर समयबद्ध और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने पर जोर देते हुए कहा कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न हो। इस दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। जिला प्रशासन द्वारा जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है।

