मतदाता सूची को लेकर झामुमो ने जताई आपत्ति, डीसी को सौंपा 6 सूत्री मांगपत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूर्वी सिंहभूम जिला समिति के अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त-सह-जिला निर्वा चन पदाधिकारी से मुलाकात कर मतदाता सूची से पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने की आशंका पर आपत्ति जताई। विक्टर सोरेन ने कहा कि हर पात्र भारतीय का नाम मतदाता सूची में दर्ज रहना चाहिए और किसी भी विसंगति के आधार पर मताधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने 6 सूत्री मांगपत्र सौंपकर BLO द्वारा घर-घर भौतिक सत्यापन, आवश्यक दस्तावेजों के त्वरित निष्पादन, 2003 की मतदाता सूची से जुड़े मामलों में उचित प्रक्रिया अपनाने, ग्राम प्रधानों की वंशावली को मान्यता देने तथा फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही नाम, उम्र, लिंग या फोटो में मामूली अंतर के आधार पर आवेदन खारिज नहीं करने का आग्रह किया।
इस दौरान लक्ष्मण टुडू, प्रमोद लाल, मनोज यादव, वीर सिंह सुरेन, सुनील महतो समेत झामुमो के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
