पत्रकार पहचान के कथित दुरुपयोग पर कार्रवाई, सुनील कुमार जेना गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सत्य प्रकाश बे
क्योंझर। ओडिशा के क्योंझर में “द पॉलिटिक्स ओडिया” नामक वेब चैनल से जुड़े सुनील कुमार जेना पर पत्रकार की पहचान का कथित दुरुपयोग कर कारोबारियों को डराने-धमकाने और पैसे वसूलने के आरोप लगे हैं। मामले में टाउन पुलिस स्टेशन, क्योंझर में केस नंबर 954/2026 दर्ज किया गया है और पुलिस ने जेना को गिरफ्तार किया है।
मामला सामने आने के बाद कथित रूप से ऐसे आरोपों का सामना कर चुके कुछ अन्य कारोबारी भी पुलिस में शिकायत देने के लिए आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में एक कारोबारी की शिकायत पर बाम्बारी पुलिस स्टेशन में केस नंबर 228/2026 दर्ज किए जाने की जानकारी है। बताया गया है कि बाम्बारी पुलिस ने इस मामले में जेना को रिमांड पर लिया है।
बताया जा रहा है कि जेना के खिलाफ इससे पहले भुवनेश्वर के इंफोसिटी पुलिस स्टेशन में केस नंबर 89/2020 भी दर्ज हुआ था। यह मामला साई इंटरनेशनल के मालिक की शिकायत पर दर्ज किए जाने की जानकारी है, जिसमें कथित तौर पर गलत तरीके से पैसे जुटाने के आरोप लगाए गए थे।
घटना को लेकर बुद्धिजीवियों के बीच भी चर्चा है। जानकारों का कहना है कि यदि पत्रकारिता की पहचान का इस्तेमाल धमकी, दबाव या अवैध वसूली के लिए किया जाता है, तो इससे आम लोगों में भ्रम पैदा होने के साथ पत्रकारिता जैसे जिम्मेदार पेशे के प्रति विश्वास और प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है। हालांकि, इन आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में ही होगी।

