किसान अधिकार यात्रा में जमीन, एमएसपी और व्यापार समझौतों के मुद्दे उठाएगी कांग्रेस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित ‘किसान अधिकार यात्रा’ की तैयारियों को लेकर गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय तथा अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने किसानों से जुड़े मुद्दों को यात्रा के दौरान प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया।
अजय राय ने कहा कि यात्रा में सर्किल रेट, भूमि अधिग्रहण और किसानों को उचित मुआवजे के मुद्दे प्रमुखता से शामिल किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों के बीच यह सवाल उठाया जाना चाहिए कि सरकार उनकी जमीन किस सर्किल रेट पर अधिग्रहित कर रही है और वही जमीन बिल्डरों को किस दर पर उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने भूमि अधिग्रहण कानून के तहत किसानों को मिलने वाले मुआवजे तथा जमीन से जुड़े अन्य सवालों को भी जनता के बीच रखने की बात कही।
उन्होंने कहा कि किसान अधिकार यात्रा के माध्यम से किसानों की जमीन, फसल का उचित मूल्य, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), मुआवजा और कृषि नीति से जुड़े विषयों पर संवाद किया जाएगा।
अखिलेश शुक्ला ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य किसानों की समस्याओं और मांगों को मजबूती से सामने लाना है। गांव-गांव संवाद के दौरान एमएसपी, उपज का उचित मूल्य, कृषि क्षेत्र से जुड़े व्यापार समझौतों और किसानों को प्रभावित करने वाले सरकारी फैसलों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में दिलीप मिश्रा, आनंद पाल सिंह, बृज मौर्या, राम अधार जोसेफ, शशि उपाध्याय, आरसी पांडेय, कन्हैया यादव, सर्वेश श्रीवास्तव सहित किसान कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।

