सोहराय पर्व पर अवकाश दिलाने के लिए आदिवासी शिक्षक संघ ने विधानसभाध्यक्ष का जताया आभार
निजाम खान।राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: झारखंड राज्य आदिवासी शिक्षक संघ, जामताड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो से मुलाकात कर आदिवासियों के सबसे बड़े पर्व सोहराय के अवसर पर दो दिनों के सरकारी अवकाश सुनिश्चित कराने में अहम योगदान के लिए विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापन किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सोहराय आदिवासी समाज की आस्था, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, जिस पर अवकाश की लंबे समय से मांग की जा रही थी।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष दुलाल हांसदा, सचिव हेमलाल मुर्मू, उपाध्यक्ष सुशील मुर्मू सहित संघ के कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे। साथ ही माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी को सोहराय पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आदिवासी बहुल राज्य झारखंड में सोहराय जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर अवकाश अत्यंत आवश्यक था। उन्होंने शिक्षक संघों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी शिक्षा एवं आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी तथा किसी भी समस्या के समाधान हेतु वे सदैव तत्पर रहेंगे।

