जन वितरण प्रणाली की समीक्षा बैठक में धोती-साड़ी वितरण एवं ई-केवाईसी पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: प्रखंड सभागार में आज प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी ऑफिसर मुर्मू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार जामताड़ा प्रखंड, जामताड़ा नगर पंचायत एवं मिहिजाम नगर पंचायत क्षेत्र के जन वितरण प्रणाली (PDS) विक्रेताओं एवं महिला एसएचजी डीलरों की उपस्थिति रही।
बैठक में मुख्य रूप से धोती-साड़ी-लूंगी वितरण, खाद्यान्न वितरण एवं ई-केवाईसी से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने धोती-साड़ी वितरण का प्रतिशत कम पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और नगर पंचायत जामताड़ा के विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि अभिलंब 100 प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही जिन लाभुकों का वितरण शेष है, उन्हें बुलाकर तुरंत वितरण पूरा करने के आदेश दिए गए।
कम वितरण प्रतिशत वाले डीलरों की पहचान कर शो-कॉज नोटिस जारी करने और जिला आपूर्ति कार्यालय को प्रतिवेदन भेजने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही ई-केवाईसी प्रक्रिया को खाद्यान्न वितरण के समय ही पूर्ण करने को कहा गया। जिन लाभुकों ने एक वर्ष से खाद्यान्न नहीं उठाया है या जो अब पात्रता की श्रेणी में नहीं आते, उनके कार्ड की सूची तैयार कर कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान डीलरों ने अपनी समस्याएँ भी रखीं — जैसे 2G मशीन में तकनीकी समस्या, ओटीपी समय पर न आने तथा 12 महीनों से कमीशन का भुगतान न होने की शिकायतें। इस पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों का प्रतिवेदन जिला आपूर्ति कार्यालय को भेजा जाएगा।
बैठक में अंचल नाजिर कृष्णा टुडू, डीलर एसोसिएशन मीडिया प्रभारी देव कुमार साव, प्रखंड अध्यक्ष जयदेव दास, सोहन राम, नरेश कुमार जैन, सुभाष मरांडी, कृष्णा मुर्मू, नजरुल अंसारी, विनय भगत, कृष्ण घोषाल, दीपिका दास, श्याम पासवान, शंभू रविदास, अनिल गुप्ता, सिकंदर अंसारी सहित कई महिला एसएचजी डीलर उपस्थित रहीं।
बैठक का समापन जन वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के संकल्प के साथ किया गया।

