घाटशिला उपचुनाव: मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की घोषणा
291 की जगह अब 300 मतदान केन्द्र, 29 सितम्बर को अंतिम प्रकाशन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता कर घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एकीकृत निर्वाचक सूची का प्रारूप 2 सितम्बर को प्रकाशित किया गया है और अंतिम प्रकाशन 29 सितम्बर 2025 को होगा। दावा-आपत्ति दर्ज करने की अवधि 2 से 17 सितम्बर तक रखी गई है, जिनका निपटारा 25 सितम्बर तक किया जाएगा।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम 1960 के अनुसार, दावे-आपत्तियों की सूची राजनीतिक दलों को नियमित आधार पर साझा की जाएगी।
डीसी ने बताया कि 9 नए मतदान केन्द्रों के सृजन के बाद अब कुल 300 मतदान केन्द्र (218 भवनों में) होंगे। वर्तमान में घाटशिला विधानसभा में 2,51,367 मतदाता दर्ज हैं, पुनरीक्षण के बाद संख्या और बढ़ सकती है।
उन्होंने कहा कि पात्र नागरिक प्रपत्र-6 में नया नामांकन, प्रपत्र-7 में विलोपन/स्थानांतरण और प्रपत्र-8 में संशोधन हेतु आवेदन कर सकते हैं। आवेदन ऑनलाइन (voters.eci.gov.in / Voter Helpline App) अथवा संबंधित BLO/ERO/AERO कार्यालय में भी जमा किए जा सकते हैं।

