झामुमो की घाटशिला विधानसभा स्तरीय बैठक संपन्न
उपचुनाव की तैयारी में जुटने का कार्यकर्ताओं से आह्वान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला। मांझी परगना महाल भवन में मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की घाटशिला विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा प्रभारी जगदीश भकत ने की। इसमें दिवंगत मंत्री व पूर्व विधायक रामदास सोरेन के तीनों पुत्र सोमेश, रोबिन और रुपेश सोरेन सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक की शुरुआत में शिबू सोरेन और रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि उपचुनाव में दिवंगत मंत्री के बड़े पुत्र सोमेश सोरेन को विजयी बनाया जाएगा। साथ ही केंद्रीय नेतृत्व से मांग की गई कि उन्हें न केवल प्रत्याशी बनाया जाए बल्कि मंत्री पद की जिम्मेदारी भी सौंपी जाए ताकि रामदास सोरेन के अधूरे कार्य पूरे हो सकें।
सोमेश सोरेन ने कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे और पिता के अधूरे सपनों को साकार करेंगे। बैठक में जिला संयोजक बाघराय मार्डी, वरीय नेता कान्हू सामंत, रामदास हांसदा, लाल्टू महतो आदि ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभी से चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। कहा गया कि दुर्गा पूजा तक सभी 300 बूथों का पुनर्गठन कर प्रत्येक बूथ में 25 नए सदस्य जोड़े जाएंगे।
बैठक का संचालन काजल डॉन ने किया। मौके पर प्रखंड प्रमुख सुशीला टुडू, प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा मुर्मू, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष विक्टर सोरेन सहित अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

