बागबेड़ा में युवक की मौत का मामला: एसएसपी से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
कई सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने की मुलाकात, एक स्वर में कहा पीड़ित परिवार को मिले न्याय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 में प्रेम प्रसंग को लेकर कथित मारपीट के बाद युवक की मौत के मामले में शनिवार को जमशेदपुर के कई सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसएसपी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और लड़की पक्ष के परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। सभी ने एक स्वर में कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।
इस दौरान क्षत्रिय समाज के शंभू सिंह, पूर्वी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी शिव शंकर सिंह तथा ब्रह्मर्षि विकास मंच, जमशेदपुर के संरक्षक विकास सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
प्रतिनिधियों के अनुसार, बागबेड़ा में हुई घटना के दौरान विवाद और मारपीट में युवक को चोट लगने की बात सामने आई थी। परिजनों की ओर से दावा किया गया है कि युवक की मौत घटना के 14वें दिन हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मामले के सभी पहलुओं की जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की। युवक के कथित आपराधिक इतिहास और सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेलिंग से जुड़े आरोप भी उठाए गए
पीड़ित परिवार की सुरक्षा पर जोर
प्रतिनिधिमंडल ने लड़की पक्ष के परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और पुलिस प्रशासन से आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। एसएसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि मामले में लड़की पक्ष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और जांच तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

