दो स्थानों पर सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के नमामि भारतम कार्यक्रम के तहत पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रासुनचोपा तथा हेंसड़ा गांव के हरि मंदिर प्रांगण में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों स्थानों पर अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि निशा कुमारी एवं दुर्योधन पात्र तथा विशिष्ट अतिथि हेंसड़ा पंचायत के मुखिया चंद्रभूषण सरदार उपस्थित रहे। हेंसड़ा में विद्यालय के प्रधानाचार्य मानस कुमार कर ने अतिथियों का परिचय कराया। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार होने पर ही देश की वास्तविक प्रगति मानी जा सकती है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्या भारती द्वारा देशभर में एक साथ, एक समय, एक स्वर और एक लय में सुबह 11 बजे राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन कराया गया। मुख्य अतिथि दुर्योधन पात्र ने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय रचित राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के महत्व पर प्रकाश डाला।
रासुनचोपा में संयोजक विपुल कुमारी मुर्मू तथा हेंसड़ा में संयोजक बबीता सरदार ने कार्यक्रम में सहयोग किया। रासुनचोपा में जादूनाथ मांझी और हेंसड़ा में सहसचिव श्यामल महाकुड़ ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

