राष्ट्र संवाद संवाददाता
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार, शुक्रवार को टाटा-कांड्रा मुख्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूर्व घोषित सूचना के आलोक में शुक्रवार को प्रथम दिन गम्हरिया क्षेत्र में सर्विस रोड के किनारे चल रहे अतिक्रमण को हटाया गया। इस अभियान के तहत गम्हरिया लाल बिल्डिंग चौक से चौक के दोनों ओर सर्विस मार्ग और बोलायडीह रोड में चौक से भगत मेडिकल स्टोर तक अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान कई स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण तोड़े गए। अतिक्रमण के दौरान दुकान के बाहर सड़क से सटे कई दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर बनाए गए 50 से अधिक अस्थाई शेडो को भी ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही, कई अस्थाई दुकानों को भी तोड़ दिया गया। वर्षों से सड़क किनारे फैले अतिक्रमण पर अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गयाम। अभियान के दौरान कुछ अतिक्रमणकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हल्की नोंक-झोंक भी हुई। कई लोग कार्रवाई रोकने के लिए दबाव और अनुनय-विनय करते रहे, लेकिन प्रशासनिक सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली। हालांकि, इस दौरान कई दुकानदारों द्वारा पूर्व में अपनी दुकानें स्वत: हटा लिया गया था। इस मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि मुख्य सड़क और सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना प्राथमिकता है। बताया कि यह अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी। अतिक्रमण हटाए जाने के बाद पुनः दुकान लगाने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान आदित्यपुर नगर निगम की उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, गम्हरिया के अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार, अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह,तरुण ठाकुर, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की जी समेत काफी संख्या में पुलिस बल के जवान और पथ निर्माण विभाग, जियाडा व आवास बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल गम्हरिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आदित्यपुर समेत अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह जारी रहेगी।

