- पोटका के बच्चों की ‘महुआ ज़ीन’ अब कोलकाता के ClimateEd Summit में
*प्रकृति, महुआ और जीव-जंतुओं से रिश्तों को बच्चों ने कला, कहानी और कविता में उतारा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पोटका और टांगराईन के बच्चों द्वारा प्रकृति, महुआ वृक्ष और उससे जुड़े जीव-जंतुओं के संबंधों पर तैयार की गई ‘महुआ ज़ीन’ अब 3 अक्टूबर को कोलकाता में आयोजित ClimateEd Summit 2026 में प्रदर्शित होगी। सामाजिक संस्था युवा (यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन) के तत्वावधान में फुल टाइम हेजहोग स्टूडियो की शैलज़ा के सहयोग से आयोजित कार्यशालाओं में तैयार इन ज़ीन को ClimateEd Week India 2026 के दौरान देशभर में ऑनलाइन भी प्रदर्शित किया गया था।
महुआ को स्थानीय जीवन, संस्कृति और जैव-विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए बच्चों ने तीन सत्रों में साही (झींक), हाथी और चमगादड़ के साथ महुआ के संबंधों को कला के माध्यम से समझा और अपनी कल्पनाओं व अनुभवों को ज़ीन में दर्ज किया। बच्चों ने फैन-फोल्ड और अकॉर्डियन शैली की ज़ीन तैयार की। शुरुआती दो सत्रों में छोटे समूहों और तीसरे में सभी बच्चों ने मिलकर लंबी सामूहिक ज़ीन बनाई। इसमें उनकी भावनाओं, सवालों और कल्पनाओं के साथ खेल, कहानियां और कविताएं भी शामिल हैं।
अरबिंद कुमार तिवारी ने कहा कि जब बच्चे प्रकृति को अपनी नजर से देखकर व्यक्त करते हैं, तभी जलवायु शिक्षा सार्थक बनती है। रचनात्मक प्रक्रिया का मार्गदर्शन शैलज़ा ने किया, जबकि युवा की कापरा मांझी और अंजना देवगम ने कार्यशाला को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

