“महिला सम्मान की आवाज को पत्थरों से दबाया नहीं जा सकता” : दिनेश कुमार
कांग्रेस कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन में घायल हुए भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मांगा जवाब
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर | राष्ट्र संवाद ब्यूरो
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कांग्रेस कार्यालय के समक्ष हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान अपने घायल होने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किया है। उन्होंने लिखा, “महिला सम्मान की आवाज को पत्थरों से दबाया नहीं जा सकता।” उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पत्थरों और लाठियों से हमला किया गया।
दिनेश कुमार ने बताया कि जमशेदपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय के समक्ष भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित आक्रोश प्रदर्शन में शामिल होकर उन्होंने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय की आवाज बुलंद की। उनके अनुसार, इस दौरान उन्हें भी चोट लगी और उनका माथा लहूलुहान हो गया।
राहुल-प्रियंका से पूछे सवाल
दिनेश कुमार ने जेएनयू से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न मामले में कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए कांग्रेस नेतृत्व की जवाबदेही पर सवाल उठाए। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से पूछा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर उनकी स्पष्ट प्रतिक्रिया कब आएगी तथा पीड़ित छात्राओं को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में क्या कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया कि क्या सवाल पूछने और न्याय की मांग करने का जवाब पत्थरों से दिया जाएगा? क्या यही राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ है?
न्याय की लड़ाई जारी रखने का संकल्प
दिनेश कुमार ने अपने पोस्ट में लिखा कि उनके माथे से बहता खून इस बात की गवाही देता है कि विरोध की आवाज को हिंसा से दबाने की कोशिश की गई। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय, नारी सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए उनका संकल्प अडिग है।
उन्होंने कहा, “हम न डरे हैं, न झुकेंगे। महिलाओं के सम्मान और न्याय के लिए हमारी आवाज पहले भी बुलंद थी, आज भी है और आगे भी रहेगी।”
अपने संदेश के अंत में उन्होंने नारी सम्मान को अपना संकल्प और न्याय की लड़ाई को अपना संघर्ष बताया।

