पोटका में मलेरिया का कहर: 12 घंटे में दो मासूमों की मौत, तीसरा बच्चा गंभीर
*एक ही परिवार के भाई-बहन ने तोड़ा दम, एमजीएम में चल रहा आठ वर्षीय लक्ष्मण का इलाज; स्वास्थ्य विभाग ने तेज की जांच*
विशेष रा सं संवाददाता, जमशेदपुर
पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में मलेरिया के संक्रमण ने एक बार फिर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। तेंतलापोड़ा पंचायत के चारडीहा गांव में महज 12 घंटे के भीतर एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि तीसरा बच्चा जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है। उसका इलाज जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। एक ही परिवार के तीन बच्चों के संक्रमित होने और दो की मौत से गांव में मातम पसरा है।
चारडीहा निवासी सीमांत भूमिज के तीन बच्चे गोबिंद सरदार (5), लक्ष्मण सरदार (8) और प्रिया सरदार (10) मलेरिया से पीड़ित थे। शुक्रवार को परिजन तीनों को इलाज के लिए सीएचसी पोटका ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पांच वर्षीय गोबिंद की मौत हो गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने लक्ष्मण और प्रिया को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर किया। शनिवार को इलाज के दौरान प्रिया ने भी दम तोड़ दिया। तीसरे बच्चे लक्ष्मण की हालत गंभीर बनी हुई है।
*61 लोगों की हुई जांच, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट*
घटना के बाद शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चारडीहा में मलेरिया जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल 61 लोगों की जांच की गई। इनमें चारडीहा के 11 ग्रामीणों के अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पोटका की 12 छात्राएं भी शामिल थीं। इसके बाद रविवार को भी गांव में जांच शिविर लगाया गया। 31 लोगों की जांच में दो मलेरिया संक्रमित मिले। दोनों को सीएचसी की ओर से निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
*शिविर में जांच नहीं कराने की बात आई सामने*
सीएचसी पोटका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट के अनुसार, तेंतला गांव में 19, 21 और 25 नवंबर को मलेरिया जांच शिविर लगाए गए थे। उनके मुताबिक, मृतक बच्चों के परिजनों ने उन शिविरों में बच्चों की जांच नहीं कराई थी और बीमारी की सूचना भी स्वास्थ्य विभाग को नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि समय पर जानकारी मिलने पर तत्काल जांच और उपचार शुरू किया जा सकता था। प्रखंड में माइक्रोप्लान के तहत रोजाना मलेरिया जांच और दवा वितरण किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इस वर्ष जून-जुलाई के दौरान भी पोटका के विभिन्न गांवों में मलेरिया से कई बच्चों की मौत की खबरें सामने आई थीं। अब चारडीहा की घटना ने एक बार फिर दूरदराज के गांवों में समय पर जांच, इलाज और मच्छर नियंत्रण की व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

