झारेरा की जमशेदपुर में कार्यशाला, घर खरीदारों के अधिकारों और बिल्डरों के नियमों पर चर्चा
पूर्व डीजीपी अजय कुमार सिंह ने रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता और समय पर परियोजना पूरी करने पर दिया जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (झारेरा) की ओर से जमशेदपुर में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें झारेरा के अध्यक्ष एवं पूर्व डीजीपी अजय कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी, पदाधिकारी और शहर के प्रमुख बिल्डर शामिल हुए। कार्यशाला में जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के बिल्डरों, डेवलपरों तथा रियल एस्टेट एजेंटों ने भाग लिया।
कार्यशाला में झारेरा के गठन के उद्देश्य, अधिकार क्षेत्र और रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि घर खरीदारों के हितों की रक्षा के लिए परियोजनाओं और रियल एस्टेट एजेंटों का पंजीकरण अनिवार्य है। झारेरा के आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकृत परियोजनाओं की सूची और उनकी स्थिति देखी जा सकती है।
अधिकारियों ने कहा कि परियोजना में देरी, नियमों के उल्लंघन या बिल्डर द्वारा वादे पूरे नहीं किए जाने पर खरीदार ऑनलाइन अथवा कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। झारेरा के आदेशों के खिलाफ अपीलीय अधिकरण में अपील का भी प्रावधान है।
बिल्डरों से समय पर परियोजनाएं पूरी करने, खरीदारों को सही जानकारी देने और नियमों का पालन करने की अपील की गई। कार्यशाला का उद्देश्य रियल एस्टेट क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने, खरीदारों के अधिकारों की रक्षा और बिल्डर-खरीदार विवादों को कम करना रहा।

