ग्रामीण प्रीमियर लीग में एस.के.एम.सी. बोंगोरा चैंपियन
मिष्टी एफ.सी. रापाचा उपविजेता, ग्रामीण फुटबॉल प्रतिभाओं को मिला मंच
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पटमदा के चारडुंगरी फुटबॉल मैदान, लियालम में आयोजित ग्रामीण प्रीमियर लीग–स्वर्गीय एम.एन. झा स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट का शनिवार को सफल समापन हुआ। रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट के सहयोग से 25 से 28 नवंबर तक आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में 15 टीमों ने भाग लिया।
एस.के.एम.सी. बोंगोरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता, जबकि मिष्टी एफ.सी. रापाचा उपविजेता रही। समापन समारोह में मुख्य अतिथि पीडीजी रोटेरियन प्रतिम बनर्जी ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में नीलकांत सिंह सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर, शिष्टिधर सिंह सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर, कुशल बेसरा सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर, सगुन हेम्ब्रम सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और समीर मुर्मू सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने।
टूर्नामेंट का प्रायोजन रोटेरियन अशोक झा ने अपने पिता स्वर्गीय एम.एन. झा की स्मृति में किया। उन्होंने प्रतियोगिता को प्रतिवर्ष आयोजित करने का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को फुटबॉल प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।

