मानगो में जनसुविधाओं की बदहाली पर विधायक सरयू राय ने जताई नाराजगी
मानगो के वार्ड 3, 18 और 19 में जनसुविधाओं का बुरा हाल, नाले-पाइपलाइन पर कब्जे की शिकायत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार को मानगो नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 3, 18 और 19 का सघन दौरा कर जनसुविधाओं की बदहाली का जायजा लिया। इस दौरान सफाई, पेयजलापूर्ति और ड्रेनेज व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब मिली। स्थानीय लोगों ने नालों पर कब्जा, पानी की पाइपलाइन काटने और दबंगों द्वारा जलापूर्ति बाधित करने की शिकायत की।
वार्ड नंबर 3 में शेन इंटरनेशनल स्कूल से एनएच-33 के बीच स्थित लोटस रेजिडेंसी में तीन दर्जन से अधिक परिवार सीवेज और ड्रेनेज की समस्या से परेशान हैं। निकासी के लिए लगाई गई पतली पाइप बार-बार जाम होने से गंदा पानी घरों और सड़कों पर फैल रहा है। सरयू राय ने सवाल उठाया कि सीवेज और ड्रेनेज की समुचित व्यवस्था के बिना इतनी बड़ी इमारत का निर्माण कैसे हुआ। उन्होंने बिल्डर और मानगो नगर निगम से समस्या के समाधान की मांग की।
सरयू राय ने कहा कि कई मकान सड़क से नीचे बने हैं, जिससे बारिश में घरों में गंदा पानी घुसने का खतरा रहता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त से मिलकर समस्याओं का जवाब मांगा जाएगा। निगम समाधान करे, अन्यथा अपनी असमर्थता स्पष्ट बताए।
उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं का सवाल धर्म या समुदाय से जुड़ा नहीं है। हिंदू बहुल और मुस्लिम बहुल सभी इलाकों में पेयजल, सफाई और नाली व्यवस्था दुरुस्त करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। दौरे के दौरान स्थानीय लोगों के साथ सफाई व्यवस्था को लेकर बैठक भी हुई।
इस मौके पर वार्ड 18 की पार्षद जूली परवीन, वार्ड 19 की पार्षद रानी परवीन, सन्नी मिर्जा, फिरोज आलम, इम्तियाज, असलम, बबलू, साबिर, इकबाल, उमर, शाहिद, राजा, फैसल, मोहम्मद नसीम, मुमताज भाई, सन्नाउल्लाह, एजाज, दिलशाद, बेबी, बंबईया चाचा, पप्पू सिंह, बबलू कुमार, संतोष प्रमाणिक, विकास कुमार साहनी, प्रवीण सिंह, प्रेम सक्सेना, संजय सिंह, अरुण श्रीवास्तव, परविंदर राम, योगेंद्र साहू, आनंद पांडे, सागर दत्ता, संतोष भगत, टनटुन सिंह, सुनील महतो, चचल कुमारी, मनोज गुप्ता, भवानी सिंह एवं भरत प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित थे।