एआईटीयूसी की राष्ट्रीय परिषद में हीरा अरकाने चुने गए, जमशेदपुर में खुशी
मजदूरों के हक और असंगठित श्रमिकों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का संकल्प
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। एआईटीयूसी (AITUC) की राष्ट्रीय परिषद में जमशेदपुर के हीरा अरकाने के चुने जाने पर मजदूर संगठनों में खुशी जताई गई। वर्षों बाद शहर को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिलने को मजदूरों के हितों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
एआईटीयूसी के कोल्हान महासचिव अम्बुज ठाकुर ने कहा कि जमशेदपुर में लाखों मजदूर असंगठित क्षेत्र में काम करते हैं और उन्हें अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। राष्ट्रीय परिषद में प्रतिनिधित्व मिलने से मजदूरों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का अवसर मिलेगा।
हीरा अरकाने ने बताया कि बेंगलुरु में आयोजित 43वें एआईटीयूसी सम्मेलन में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ, जिसका नेतृत्व कॉमरेड अम्बुज ठाकुर ने किया। सम्मेलन में मजदूरों और किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि ठेका और स्थायी मजदूरों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाया जाएगा तथा मजदूर-किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।

