स्थापना दिवस पखवाड़ा का समापन, 5.69 करोड़ की योजनाओं का लाभ वितरित
7 मेधावी छात्र-छात्राओं को फोन, लैपटॉप व प्रोत्साहन राशि, 18 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन पर 28 नवंबर को समाहरणालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त राजीव रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 5 करोड़ 69 लाख 5 हजार 600 रुपये की परिसंपत्तियों एवं योजनाओं का लाभ लाभुकों के बीच वितरित किया गया।
कार्यक्रम में जेएसएलपीएस के माध्यम से दो हजार से अधिक लाभुकों को 4.54 करोड़ रुपये की योजनाओं का लाभ मिला। कृषि, मत्स्य, पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग के लाभुकों को विभिन्न परिसंपत्तियां प्रदान की गईं। अबुआ आवास योजना के लाभुकों को स्वीकृति पत्र तथा आठ लाभुकों को वन पट्टा दिया गया।
JAC, CBSE एवं ICSE बोर्ड के सात मेधावी छात्र-छात्राओं को फोन, लैपटॉप और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। वहीं, 18 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र तथा तीन ट्रांसजेंडर लाभुकों को पेंशन स्वीकृति पत्र सौंपा गया।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। योजनाओं का लाभ लेकर लाभुक अपनी आजीविका और आर्थिक स्थिति मजबूत करें।
योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए बोड़ाम बीडीओ किकु महतो, गोलमुरी-सह-जुगसलाई बीडीओ सुमित प्रकाश सहित संबंधित कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, निदेशक एनईपी राजेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शत्रुंजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं लाभुक उपस्थित थे।

