जमशेदपुर न्यूज़ : श्रीनाथ रॉक गार्डन, मनपीटा समेत हुरलुंग, लुपुंगडीह व नूतनडीह में जल्द शुरू होगी पाइपलाइन से जलापूर्ति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिले के टेल्को स्थित श्रीनाथ रॉक गार्डन, मनपीटा समेत हुरलुंग, लुपुंगडीह एवं नूतनडीह के ग्रामीण इलाकों में यथाशीघ्र पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर जलापूर्ति शुरू की जाएगी। इस संबंध में पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि हुरलुंग बृहत जलापूर्ति योजना के तहत लगभग दस दिनों के भीतर जलापूर्ति प्रारंभ करने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि योजना का ट्रायल सफल रहा है और इसे दो चरणों में पूरी तरह धरातल पर उतारा जाएगा। योजना के क्रियान्वयन से वर्षों से जलसंकट झेल रहे ग्रामीण इलाकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गर्मी के मौसम में भूगर्भ जल स्तर गिर जाने के कारण मनपीटा, हुरलुंग, लुपुंगडीह एवं नूतनडीह में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो जाता है। इसी समस्या को देखते हुए श्रीनाथ होम्स नामक भवन निर्माण कंपनी के प्रबंध निदेशक सुखदेव महतो ने स्थानीय विधायक मंगल कालिंदी एवं तत्कालीन कार्यपालक अभियंता शिशिर सोरेन के सहयोग से वर्ष 2023 में इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत करवाई थी।
लगभग 10.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही इस परियोजना की क्षमता एक एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) है। योजना के तहत दो जल मीनार एवं एक फिल्टर प्लांट का निर्माण किया गया है। इसके माध्यम से करीब 30 से 32 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर मनपीटा समेत हुरलुंग, लुपुंगडीह और नूतनडीह गांवों में जलापूर्ति की जाएगी।
इस जलापूर्ति योजना के शुरू होने से टेल्को स्थित श्रीनाथ रॉक गार्डन के लगभग 800 परिवारों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही, इसे अगले 30 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
योजना के पूर्ण होने के बाद हजारों घरों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे क्षेत्र के लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

