लापता युवक का नाले में मिला शव, कल्याण नगर में सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
राष्ट्र संवाद संवाददाता अमन ओझा
जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले स्थित सीतारामडेरा थाना अंतर्गत कल्याण नगर इलाके में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान आदित्यपुर निवासी राहुल के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता बताया जा रहा था। घटना के संबंध में मृतक के चाचा सुखलाल ने बताया कि राहुल दो दिन पहले कल्याण नगर स्थित अपने चाचा-चाची के घर आया था, लेकिन पहुंचने के बाद से ही संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया था। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, इसी बीच रविवार तड़के उसका शव नाले से बरामद हुआ। राहुल की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस और पीसीआर की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पीसीआर की टेरेसा लुगुन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस तकनीकी और जमीनी स्तर पर हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

