प्रखंड परिसर में जल सहियाओं ने चलाया स्वच्छता अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
प्रखंड स्तरीय स्वच्छता अभियान के तहत पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से गम्हरिया प्रखंड परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में प्रखंड क्षेत्र की जल सहियाओं ने भाग लेकर परिसर की साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस दौरान जिला समन्वयक गौरांग चंद्र बेरा ने जल सहियाओं एवं विभागीय कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
गौरांग चंद्र बेरा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभाग या सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है। गांव, पंचायत और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण संभव है।

