जमशेदपुर में बड़ी कार्रवाई : रिंकू सेठ गिरोह के चार अपराधी गिरफ्तार, हथियार व कारतूस बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात रिंकू सेठ गिरोह से जुड़े चार अपराधियों को गिरफ्तार किया। जानकारी देते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना पर तत्परता दिखाते हुए सिटी डीएसपी सुनील कुमार चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने छापेमारी कर चार युवकों — रोहित लोहार उर्फ गौड़ बाबा, शनि सिंह, गौरव गोस्वामी और हिमांशु कुमार — को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनके पास से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि सभी आरोपी रिंकू सेठ गिरोह से जुड़े हैं और पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

