गोलमुरी केनरा बैंक डकैती की जांच तेज, 20 सदस्यीय एसआईटी गठित
आईजी-डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, पांच अपराधियों पर इनाम की घोषणा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई डकैती की जांच अब उच्चस्तरीय कर दी गई है। शुक्रवार को जोनल आईजी मनोज कौशिक और कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा जमशेदपुर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बैंक परिसर, आसपास के इलाके, सीसीटीवी कवरेज तथा अपराधियों के संभावित प्रवेश और भागने के रास्तों की जानकारी ली।
जोनल आईजी ने मामले के उद्भेदन के लिए 20 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है। एसआईटी को अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी, लूटी गई संपत्ति की बरामदगी और पूरी वारदात की साजिश का पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अपराधियों के संभावित रूट की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अपराधियों को बैंक की आंतरिक व्यवस्था तथा नकदी और सोना रखे जाने की जानकारी पहले से थी या घटना के दौरान मिली। बैंक की सुरक्षा, अलार्म व्यवस्था और वारदात से पहले की गई संभावित रेकी भी जांच के दायरे में है।
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआईटी काम कर रही है और पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही अपराधियों के स्केच जारी किए जाएंगे। उनके अनुसार पांच अपराधियों ने करीब 42 लाख रुपये नकद और लगभग 23 किलो सोना लूटा है। सभी पांच आरोपियों पर इनाम की घोषणा भी की गई है।
CCTV में कैद हुई वारदात
• दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधी बैंक में दाखिल हुए
• कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर बंधक बनाया
• सुरक्षा गार्ड को बांधकर रखा
• करीब 42 लाख रुपये नकद लूटने की सूचना
• लगभग 33 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण ले जाने की बात
• बैंक के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई वारदात
• फुटेज के आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी

