जेएसएफसीआई गोदाम व पीएचसी फतेहपुर का निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जेएसएफसीआई गोदाम फतेहपुर एवं पीएचसी फतेहपुर का औचक निरीक्षण करते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी ने खाद्यान्न भंडारण और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में खाद्यान्न भंडारण, रख-रखाव एवं वितरण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में स्टॉक पंजी एवं वितरण अभिलेखों की जांच की गई। गोदाम में पहुंचे खाद्यान्न से भरे ट्रक की दो अलग-अलग बोरियां उतरवाकर वजन कराया गया, जिसमें वजन सही पाया गया। इस पर संतोष जताते हुए गोदाम परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण और नियमानुसार पंजियों के संधारण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इसके बाद पीएचसी फतेहपुर का निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, भर्ती मरीजों की स्थिति, दवा वितरण कक्ष तथा अस्पताल परिसर का जायजा लिया गया। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित पाए जाने वाले अधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। मौके पर संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

