जयपाल कॉलोनी में पेयजल समस्या के समाधान की पहल
उपायुक्त के बाद कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से बातचीत, NOC पर बनी सहमति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जयपाल कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने पहल तेज कर दी है। उन्होंने पहले उपायुक्त से वार्ता कर समस्या और आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी ली। इसके बाद कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से बातचीत कर मामले को उनके संज्ञान में रखा।
वार्ता के दौरान पेयजल आपूर्ति से संबंधित कार्य के लिए आवश्यक NOC उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। मेयर ने कहा कि NOC की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे जयपाल कॉलोनी सहित आसपास के लोगों को पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। पेयजल सहित अन्य नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

