
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
वीरपुर/ बेगूसराय
वीरपुर बाजार के सालों पुराने जलजमाव से त्रस्त लोगों का गुस्सा आखिरकार मंगलवार को फिर से फूट पड़ा। AISF के नेतृत्व में कम्युनिस्ट पार्टी कार्यालय से जलजमाव स्थल तक आक्रोश मार्च निकाला गया और बाजार में स्थानीय सांसद-विधायक का पुतला दहन कर उसकी अस्थि उसी गंदे पानी में विसर्जित कर दी गई।आक्रोश मार्च AISF प्रखंड अध्यक्ष जीवन कुमार के नेतृत्व में निकाला गया।
AISF जिला सचिव मंडल के सदस्य बसंत कुमार ने कहा कि स्थानीय लोग इस जलजमाव को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं। छठ महापर्व में व्रतियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा,पर स्थानीय सांसद-विधायक ने देखना तक जरूरी नहीं समझा। उन्होंने कहा आज सिर्फ पुतला दहन किया है, आगे बड़ा आंदोलन करेंगे।पर्रा निवासी ऋषभ कुमार ने कहा कि हम लगातार इस मुद्दे को लेकर संघर्षरत हैं। इस जलजमाव की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले कुछ दिनों में हमलोग बाल्टी में जलजमाव स्थल से कीचड़ लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचेंगे और स्थानीय प्रशासन को बताने का काम करेंगे कि इससे लोगों को गुजरना कितना मुश्किल होता है।पिछले दिनों छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए व्रतियों की सुविधा के लिए स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों ने प्रतीकात्मक विरोध करते हुए वीरपुर बाजार स्थित जलजमाव के स्थायी निदान की मांग सांसद-विधायक से की थी। पर विधायक, सांसद और प्रशासन के लोगों ने देखना तक जरूरी नहीं समझा। इससे हजारों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि गैर-हिंदू भी छठ महापर्व का सम्मान करते हैं, पर हमारे सांसद-विधायक इसे जरूरी नहीं समझते हैं।

