
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
राजेश कुमार/खोदावंदपुर (बेगूसराय)। खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के मॉडल विद्यालय श्री दुर्गा प्लस टू विद्यालय मेघौल में मंगलवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में ‘जानो अपना लोकतंत्र, पहचानो अपना मताधिकार’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा एवं प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पंकज कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर बीडीओ ने विद्यालय के किशोर विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व और मताधिकार के प्रति जागरूक किया. उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र की मजबूत नींव है. इसके माध्यम से नागरिक अपनी पसंद के जनप्रतिनिधियों का चुनाव करते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को मताधिकार के महत्व, मतदान की प्रक्रिया तथा लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका से जुड़ी विभिन्न जानकारियां दी. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होना जरूरी है. ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से किशोर विद्यार्थियों में अभी से लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रिया की समझ विकसित होगी. मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मधुसूदन पासवान, शिक्षक राहुल कुमार, दिलीप कुमार, घनश्याम महतो, अतिथि शिक्षक मुकेश कुमार सहित प्रखंड संसाधन केंद्र के कर्मी उपस्थित थे.

