
लेखक: राष्ट्र संवाद ब्यूरो
आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों के निष्पादन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी, बेगूसराय रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार सह अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्या, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित सुलहनीय मामलों की समीक्षा की गई तथा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
इस क्रम में सभी संबंधित विभागों को अपने यहां लंबित सुलहनीय मामलों की अद्यतन सूची तैयार कर उपलब्ध कराने, संबंधित मामलों में जमा की गई राशि का विवरण प्रस्तुत करने तथा पक्षकारों को अपने स्तर से समय रहते सूचित करने का निर्देश दिया गया, ताकि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया में भाग ले सकें।बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार सहित अन्य आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की गई।

