जिलाबदर कुख्यात राजकुमार सिंह उर्फ दाना गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जिलाबदर के आदेश के बावजूद चोरी-छिपे जमशेदपुर में प्रवेश करने के आरोप में पुलिस ने कुख्यात अपराधी राजकुमार सिंह उर्फ दाना को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह स्थित दुर्गा मंदिर के पास साथियों के साथ किसी संज्ञेय अपराध की योजना बना रहा था।
2 अक्टूबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर साकची थाना पुलिस ने टीम गठित कर छापेमारी की और काशीडीह से सीतारामडेरा जाने वाली सड़क पर पुल के समीप राजकुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोनारी थाना के CCA Case No. 89/24-25 के तहत झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(3)(a) में जिलाबदर किया गया था।
पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, राजकुमार सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं और आरोप-पत्र भी दाखिल किए जा चुके हैं।

