
गोपाल मैदान में पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट, TMH में भर्ती
छेड़खानी के आरोप को लेकर महिलाओं से विवाद की चर्चा, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित ‘संवाद 2026’ कार्यक्रम के दौरान मंगलवार देर रात घाटशिला के पूर्व विधायक एवं आजसू के संस्थापक सदस्यों में शामिल सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। घटना में घायल सूर्य सिंह बेसरा को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ महिलाओं ने सूर्य सिंह बेसरा पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और महिलाओं की ओर से लगाए गए आरोपों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से भी इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मारपीट की घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर अलग-अलग तरह के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर घटना की पूरी परिस्थितियों और विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी तस्वीर
समाचार लिखे जाने तक सूर्य सिंह बेसरा का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया था। वहीं, आरोप लगाने वाली महिलाओं की ओर से भी विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस का आधिकारिक बयान भी प्रतीक्षित है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और मारपीट किन परिस्थितियों में हुई। पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही सामने आ सकेगी।

