
आसियान किसी भी क्षेत्रीय ढांचे के केंद्र में : प्रधानमंत्री मोदी
मनीला, 17 नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को एक शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के भारत के दृष्टिकोण को दोहराया और कहा कि 11 देशों का समूह ‘आसियान’ किसी भी क्षेत्रीय ढांचे के केंद्र में है।
मोदी ने मनीला में आयोजित वार्षिक पूर्व एशिया शिखर सम्मेलन में अपने संबोधन में प्रमुख क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से निपटने में बातचीत और कूटनीति के महत्व पर जोर दिया।
पूर्व एशिया शिखर सम्मेलन एशिया-प्रशांत क्षेत्र में रक्षा और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए एक प्रमुख मंच है। 2005 में अपनी शुरुआत के बाद से इसने पूर्व एशिया के रणनीतिक, भू-राजनीतिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पूर्व एशिया शिखर सम्मेलन में आसिएन (दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संघ) के 11 सदस्य देशों के अलावा भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और रूस शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि मोदी ने एक शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के भारत के दृष्टिकोण को दोहराया तथा किसी भी क्षेत्रीय ढांचे में आसियान की केंद्रीय भूमिका पर जोर दिया।
जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने क्षेत्रीय सहयोग को और मजबूत करने का आह्वान किया तथा प्रमुख क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से निपटने के लिए बातचीत और कूटनीति के महत्व पर प्रकाश डाला।
बताया जा रहा है कि पूर्व एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल नेताओं ने दक्षिण चीन सागर की स्थिति की व्यापक समीक्षा की।
दक्षिण चीन सागर में हाइड्रोकार्बन का विशाल भंडार होने का अनुमान है। इस क्षेत्र पर चीन के व्यापक संप्रभुता दावों को लेकर चिंताएं बढ़ती जा रही हैं।
वियतनाम, मलेशिया, फिलिपीन और ब्रुनेई सहित कई देशों ने भी दक्षिण चीन सागर पर अपने-अपने क्षेत्रीय और संप्रभुता संबंधी दावे पेश किए हैं।
आसियान के सदस्य देश दक्षिण चीन सागर को लेकर एक बाध्यकारी आचार संहिता बनाने की मांग करते रहे हैं। चीन की ओर से क्षेत्र पर अपने व्यापक क्षेत्रीय दावों को स्थापित करने के लिए लगातार किए जा रहे प्रयास इसका मुख्य कारण हैं।
भारत और कई अन्य लोकतांत्रिक देश क्षेत्रीय विवादों के शांतिपूर्ण समाधान तथा अंतरराष्ट्रीय कानूनों, खास तौर पर संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून संधि (यूएनसीएलओएस) के पालन पर जोर देते रहे हैं।
पूर्व एशिया शिखर सम्मेलन मंगलवार को मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन से इतर आयोजित किया जा रहा है।
आसियान को क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली समूहों में से एक माना जाता है। 1967 में स्थापित इस संगठन के 11 सदस्य हैं, जिनमें ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमा, फिलिपीन, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम शामिल हैं।
भारत, अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश आसियान के संवाद भागीदार हैं।

