दृष्टिबाधित पर्वतारोही शेखर गोपे और धीरज कुम्हार सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दृष्टिबाधित पर्वतारोही शेखर गोपे (24) और धीरज कुम्हार (23) को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट और रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी की ओर से सम्मानित किया गया। शेखर ने 20 हजार फीट से अधिक, जबकि धीरज ने 16 हजार फीट ऊंची चुनौतीपूर्ण चोटियों पर सफल चढ़ाई की है।
कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन इंदु गांधी ने किया। मुख्य अतिथि हॉर्टिकल्चर सोसाइटी की अध्यक्ष सुमिता नूपुर ने दोनों पर्वतारोहियों को सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की। दिव्यज्योति नेत्रहीन संस्थान के समन्वयक अजीत कुमार ने दिव्यांगजनों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
शेखर और धीरज ने अपने अनुभव साझा करते हुए भविष्य में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करने की इच्छा जताई। रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी के अध्यक्ष उमंग झुनझुनवाला ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में दोनों रोटरी क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

