सरायकेला-राजनगर मुख्य सड़क पर भीषण हादसा, खड़े ट्रक में घुसा तेज रफ्तार हाईवा; चालक गंभीर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सरायकेला-राजनगर मुख्य सड़क पर बुधवार की अहले सुबह करीब चार बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया.
महत्व ढाबा के समीप तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि हाईवा चालक वाहन के अंदर ही फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.
वहीं, टक्कर के बाद सड़क किनारे खड़ा ट्रक अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसा, दुर्घटना के चलते सरायकेला-राजनगर मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई.

घटनास्थल पर पुलिस के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही। गंभीर रूप से घायल हाईवा चालक को वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजने की तैयारी की गई.
प्रारंभिक तौर पर हादसे के पीछे तेज रफ्तार और सड़क किनारे भारी वाहन खड़े होने को अहम वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। खासकर मुख्य सड़कों पर रात के समय खड़े भारी वाहनों को लेकर प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है.

