*गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार की पहल लाई रंग, बखरी में बनेगा प्रखंड स्तरीय आधुनिक स्टेडियम*
नितेश सिंह राजपूत
*बखरी-बेगूसराय।* बखरी के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार की पहल पर बखरी प्रखंड में आधुनिक आउटडोर स्टेडियम बनने का रास्ता साफ हो गया है। बिहार सरकार के खेल विभाग ने इस दिशा में कार्रवाई शुरू करते हुए बेगूसराय के जिलाधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
खेल विभाग के संयुक्त सचिव निरंजन कुमार ने पत्रांक-1/स्टे.1-29/2026/2148, दिनांक-12.06.2026 के माध्यम से डीएम को पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि माननीय मंत्री संजय कुमार द्वारा बखरी में प्रखंड स्तरीय आधुनिक स्टेडियम निर्माण हेतु अनुरोध किया गया है। इस संबंध में नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई कर प्रतिवेदन विभाग को उपलब्ध कराया जाए।
गौरतलब है कि गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने अपने पत्रांक-470/एम0, दिनांक-09.04.2026 द्वारा खेल विभाग से बखरी में स्टेडियम निर्माण की अनुशंसा की थी। उसी पत्र के आलोक में खेल विभाग ने यह कदम उठाया है।
इस पत्र की प्रतिलिपि मंत्री के आप्त सचिव एवं बेगूसराय के उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा को भी सूचनार्थ भेजी गई है।
इस स्टेडियम के निर्माण से बखरी अनुमंडल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए आधुनिक सुविधा मिलेगी और छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

