अस्तित्व के सहयोग से बर्मा माइंस स्कूल में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 12 मई 2026। सामाजिक संस्था अस्तित्व के सौजन्य से मंगलवार को सीएम एसओई बीपीएम हाई स्कूल, बर्मा माइंस में त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल, आदित्यपुर द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लगभग 200 विद्यार्थियों के साथ-साथ स्कूल के शिक्षकों के नेत्रों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई।
त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल की टीम में मनीष राज (प्रबंधक विपणन), अनिमा घोष (ऑप्टोमेट्रिस्ट), कुकुम सिंह और दीप्ति (नर्स) शामिल थे। कार्यक्रम का आयोजन संस्था की संस्थापक सदस्य एवं सचिव मीरा तिवारी के निर्देश पर जिला अध्यक्ष अन्नू चौबे के नेतृत्व में किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रंजीता गांधी ने स्वयं नेत्र जांच कराकर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बच्चों की आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, इसलिए बच्चों को स्क्रीन टाइम कम करना चाहिए।
अन्नू चौबे ने बताया कि ऑनलाइन पढ़ाई और डिजिटल उपकरणों के बढ़ते उपयोग के कारण बच्चों में कम उम्र में ही आंखों की समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में इस प्रकार के नेत्र जांच शिविर बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जदयू के महामंत्री गंगाधर पांडे सहित विद्यालय के शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

