टाटा हाईवे होटल में फ़िल्मी अंदाज में फायरिंग, चांडिल में दहशत का माहौल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। चांडिल थाना अंतर्गत एनएच-33 स्थित टाटा हाईवे होटल में गुरुवार देर रात अपराधियों ने फ़िल्मी अंदाज में ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। घटना करीब सवा दस बजे हुई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुलशन बेरवा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
होटल मालिक रंजीत कुमार के अनुसार, दो दिन पहले होटल में स्थानीय युवकों के दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। गुरुवार रात दूसरे गुट के युवक होटल पहुंचे और उस मारपीट का सीसीटीवी फुटेज मांगने लगे। जब फुटेज देने से इंकार किया गया तो युवकों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल से कई राउंड के खोखे बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सभी आरोपी जमशेदपुर के रहने वाले हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश में जुटी हुई है। फायरिंग की इस घटना से आसपास के क्षेत्र में दहशत का वातावरण है।

