राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान चांडिल थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा राणा उर्फ शेखर राणा (22 वर्ष), पिता राम बहादुर राणा, वर्तमान पता छायानगर, मानगो, थाना सीतारामडेरा, पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को चांडिल थाना क्षेत्र के भादुडीह स्थित एनएच-33 पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कृष्णा राणा को चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की।
इस संबंध में चांडिल थाना कांड संख्या 106/26, दिनांक 7 अगस्त 2026 के तहत धारा 303(2)/317(5) बीएनएस के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त कृष्णा राणा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। वह करीब 10 दिन पहले ही ओलीडीह ओपी क्षेत्र में दर्ज चोरी के एक मामले में लगभग ढाई वर्ष जेल में रहने के बाद बाहर आया था। आरोपी के खिलाफ जमशेदपुर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस बरामद दोनों मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जांच कर रही है।

