चंबा. हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार की सुबह तीसा-बैरागढ़ सड़क मार्ग पर हुए हादसे में 7 लोगों की दर्दना मौत हो गई है, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. ये निजी बस बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी, लेकिन देवीकोठी के समीप चालुज मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया. इसके चलते बस सड़क से नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी.
हादसे के बाद जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित करने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सूचना के बाद पुलिस और दमकल विभाग के साथ प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी आई. रेस्क्यू के दौरान तीन शवों को निकाल लिया गया, लेकिन बस के बुरी तरह से परखच्चे उड़ गए थे. ऐसे में बस के अंदर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था. रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए दो जेसीबी को मौके पर बुलाया गया और बस के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चार और लोगों की मौत मौके पर ही हो चुकी थी. इसके साथ ही बस के अंदर से 11 घायलों को बाहर निकाला गया, जिन्हें इलाज तीसा अस्पताल भेजा गया है.
6 घायल को चंबा मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने कहा कि, ‘हादसे में 7 लोगों की मौत हुई है. स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया था. घायलों के लिए उचित इलाज की व्यवस्था की गई है. उन्हें इलाज के अस्पताल पहुंचाया गया है. 11 घायलों में से छह को तीसा में प्राथमिक उपचार के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया है.
चंबा जा रही थी बस
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसाग्रस्त निजी बस आज सुबह 6.30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी. अभी बस ने महज तीन किलोमीटर तक का सफर ही तय किया था कि चालुज मोड़ के पास सीधे नीचे खाई में लुढ़कती हुई नीचे दूसरी सड़क पर गिरी. हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. वहीं, प्रशासन ने घायलों और मृतकों के नामों की सूची जार कर दी है.

